शहडोल में झूला पुल पर बड़ा हादसा: पुलिस को देखकर पानी में कूदे 4 युवक, 3 की मौत, एक गंभीर; एंबुलेंस नहीं मिलने पर उठे सवाल

शहडोल। संभागीय मुख्यालय शहडोल में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। चौपाटी के पास स्थित झूला पुल पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस की मौजूदगी के दौरान चार युवक अचानक पुल से नीचे पानी में कूद गए। इस हादसे में तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि चौथा युवक पंकज गंभीर हालत में बताया जा रहा है।

पुलिस को देखकर पानी में लगाई छलांग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस को देखकर चारों युवक भागते हुए पानी में कूद गए। इनमें पंकज तैरकर दूसरी ओर निकलने में सफल रहा, जबकि तीन युवक पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद तीनों युवकों को पानी से बाहर निकाला गया।

एंबुलेंस नहीं मिलने का आरोप, बाइक से पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए। आरोप है कि पानी से बाहर निकाले गए युवकों को जिला अस्पताल पहुंचाने के लिए तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके चलते उन्हें मोटरसाइकिल के माध्यम से अस्पताल ले जाना पड़ा। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।

जिला अस्पताल में मचा हंगामा

घटना के बाद जिला अस्पताल परिसर में लोगों का आक्रोश देखने को मिला। अस्पताल में तत्काल डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने और समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के आरोप लगाते हुए परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई। लोगों ने सवाल उठाया कि संभागीय मुख्यालय में इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद घायलों को समय पर एंबुलेंस और चिकित्सा सुविधा क्यों नहीं मिल सकी?

पुलिस जांच में जुटी

तीन युवकों की मौत के बाद शहर में शोक का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आखिर चारों युवक पानी में क्यों कूदे, पुलिस को देखकर उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया और हादसे के बाद राहत एवं चिकित्सा व्यवस्था में कथित लापरवाही हुई या नहीं, इन सभी सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।

रिपोर्ट – सुनील रैदास