चार साल के मासूम की कुएं में गिरने से दर्दनाक मौत, घर के आंगन में ही बना था कुआं, परिवार में मचा कोहराम

शहडोल। जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बहगाढ़ गांव में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। घर के आंगन में खेलते समय चार वर्षीय मासूम बच्चा कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक बच्चे की पहचान प्रकाश बैगा (4) के रूप में हुई है। बताया गया कि घटना के समय बच्चा घर में खेल रहा था और परिवार के अन्य सदस्य भी घर के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान खेलते-खेलते वह आंगन में बने कुएं तक पहुंच गया। आशंका है कि संतुलन बिगड़ने से वह कुएं में गिर गया। परिजनों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
काफी देर तलाश के बाद पुलिस को दी सूचना
जब काफी देर तक प्रकाश दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों ने घर और आसपास उसकी तलाश शुरू की। गांव की गलियों और पड़ोसियों के घरों में भी खोजबीन की गई, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परेशान परिजनों ने जैतपुर पुलिस को सूचना दी।
कुएं में मिला मासूम का शव
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर के आंगन में बने कुएं की जांच की। जांच के दौरान कुएं में मासूम का शव मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया गया कि बच्चे के पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले में पुलिस जांच जारी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर घरों और आंगन में बने खुले कुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।