भाजपा पदाधिकारी को कांग्रेस की ब्लॉक कार्यकारिणी में सचिव बनाए जाने पर विवाद, बिना सहमति नाम शामिल करने पर जताई आपत्ति
जयसिंहनगर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जयसिंहनगर की नवीन कार्यकारिणी की घोषणा के बाद एक नया विवाद सामने आया है। कांग्रेस द्वारा घोषित कार्यकारिणी में भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा मंडल जयसिंहनगर के महामंत्री श्री अजय जायसवाल का नाम ब्लॉक सचिव के रूप में शामिल किए जाने पर उन्होंने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
श्री अजय जायसवाल ने वीडियो जारी कर स्पष्ट किया कि वे भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं और वर्तमान में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा मंडल जयसिंहनगर में महामंत्री के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। वे कई वर्षों से भाजपा संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन से उनका कोई संबंध नहीं है और न ही उन्होंने कांग्रेस की किसी कार्यकारिणी में पद स्वीकार करने के लिए सहमति दी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिना उनकी जानकारी एवं सहमति के कांग्रेस की सूची में उनका नाम शामिल कर ब्लॉक सचिव का दायित्व सौंपना उनकी राजनीतिक एवं सामाजिक छवि को प्रभावित करने वाला है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी धर्मपत्नी श्रीमती शिवानी जायसवाल जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 12 से जनपद सदस्य हैं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने जताई आपत्ति
इस मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीमती जयश्री कचेर ने भी आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि अजय जायसवाल भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं। वे लंबे समय से ग्राम चंदेला में संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय हैं। पूर्व में पिछड़ा वर्ग मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष तथा वर्तमान में मंडल महामंत्री के रूप में संगठन का दायित्व निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के सक्रिय पदाधिकारी का नाम बिना उनकी सहमति के कांग्रेस की कार्यकारिणी में शामिल किया जाना संगठनात्मक समन्वय एवं कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े करता है। इस पूरे मामले में कांग्रेस संगठन को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
नगर में चर्चा का विषय बनी कांग्रेस की कार्यकारिणी
उल्लेखनीय है कि लंबे समय से लंबित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जयसिंहनगर की नवीन कार्यकारिणी की घोषणा 23 नवंबर 2026 को की गई थी। सूची जारी होने के बाद भाजपा पदाधिकारी का नाम कांग्रेस की कार्यकारिणी में शामिल होने का मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने संबंधित कांग्रेस पदाधिकारियों से इस मामले में स्पष्टीकरण देने की अपेक्षा की है।
जयश्री कचेर
मंडल अध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी, मंडल जयसिंहनगर


