वार्ड क्रमांक 38 तुलसी में भैंसासुर एवं घमसान ठाकुर प्रांगण के कायाकल्प कार्य का भूमि पूजन संपन्न
1007198014.jpg

पार्षद अनिल कुमार वैश्य की पहल पर 9.35 लाख रुपये की लागत से होगा विकास कार्य

शिवप्रसाद साहू

सिंगरौली, - नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 38 तुलसी में भैंसासुर एवं घमसान ठाकुर प्रांगण के कायाकल्प कार्य का भूमि पूजन सोमवार को वार्ड पार्षद एवं नगर निगम की अपीलीय समिति के सदस्य अनिल कुमार वैश्य द्वारा किया गया। नगर निगम द्वारा उक्त कार्य लगभग 9 लाख 35 हजार रुपये की लागत से कराया जाएगा।वार्ड क्रमांक 38 तुलसी के रहवासियों के लिए भैंसासुर एवं घमसान ठाकुर प्रांगण लंबे समय से आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। प्रांगण का समुचित विकास एवं कायाकल्प नहीं होने के कारण स्थानीय नागरिकों द्वारा इसके विकास की अपेक्षा की जा रही थी। भूमि पूजन के साथ ही अब इस स्थल के व्यवस्थित विकास एवं आवश्यक सुविधाओं में सुधार का मार्ग प्रशस्त होगा। कार्य पूर्ण होने से वार्डवासियों को बेहतर सुविधा मिलेगी तथा प्रांगण की उपयोगिता एवं सुंदरता में वृद्धि होगी।

इस अवसर पर पार्षद अनिल कुमार वैश्य ने कहा कि वार्डवासियों की आस्था से जुड़े स्थलों का विकास तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। भैंसासुर एवं घमसान ठाकुर प्रांगण का कायाकल्प वार्डवासियों की लंबे समय से अपेक्षित मांग थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे नागरिकों को इसका लाभ मिल सके। भूमि पूजन कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी सुरेश दुबे,अवनीश दुबे, दिवाकर वैश्य, पवन वैश्य, राजेश वर्मा, रामदयाल साकेत, रामाधार साकेत, हीरामणि साकेत सहित वार्ड के गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय रहवासी उपस्थित रहे।