ग्राम पंचायत केसवाही में नाली निर्माण कार्य में लापरवाही के आरोप, घटिया सामग्री के इस्तेमाल से गुणवत्ता पर उठे सवाल

केसवाही। ग्राम पंचायत केसवाही में चल रहे नाली निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि नाली निर्माण में घटिया किस्म की रेत एवं अन्य निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त पानी से तराई (सिंचाई) नहीं किए जाने की भी शिकायत सामने आ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में इसी तरह लापरवाही बरती गई तो नाली की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल खड़े होंगे। सरकारी राशि से कराए जा रहे इस निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन होना बेहद जरूरी है।
अब सवाल यह उठता है कि आखिर निर्माण कार्य की निगरानी कौन कर रहा है? क्या संबंधित इंजीनियर और पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच कर रहे हैं?
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि नाली निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा निर्माण में इस्तेमाल की जा रही रेत, सीमेंट और अन्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच हो। साथ ही नियमानुसार पानी से तराई सुनिश्चित कराई जाए, ताकि सरकारी धन का सही उपयोग हो सके।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग के अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुधारने के लिए क्या कार्रवाई करते हैं।


