बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 10 वर्षीय नर बाघ का शव मिलने से मचा हड़कंप, वन विभाग ने किया अंतिम संस्कार
उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक नर बाघ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। करीब 10 साल के इस बाघ का शव मानपुर बफर परिक्षेत्र के बिजौरी सर्किल स्थित देवहरी बीट में जंगल गश्ती के दौरान मिला।
शव मिलने की सूचना गश्ती दल ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद वन विभाग के अधिकारी और वन्यजीव चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल को सुरक्षित कर आसपास के जंगल में सघन जांच शुरू की गई।
मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वॉड से हुई सर्चिंग
वन विभाग की टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में मेटल डिटेक्टर एवं डॉग स्क्वॉड की मदद से सर्चिंग की। वहीं वन्यजीव चिकित्सकों ने मृत बाघ के शरीर का परीक्षण किया और आवश्यक माप लिए।
पोस्टमार्टम के बाद किया गया अंतिम संस्कार
वन्यजीव चिकित्सक अभय सिंह, विपिन चंद्र और आदर्श की टीम ने बाघ का पोस्टमार्टम किया। जांच के लिए आवश्यक सैंपल एकत्रित किए गए, जिन्हें प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रयोगशाला जांच के नतीजों के बाद ही बाघ की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल वन विभाग की टीम आसपास के जंगल में जांच जारी रखे हुए है।


