अनूपपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत दनदन टोला में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 40 वर्षीय महिला का शव घर की बाड़ी में आम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। महिला कुछ दिन पहले ही अपने मायके आई थी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
बाड़ी में पेड़ पर लटका मिला शव
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान रामबाई कोल, पति स्वर्गीय राकेश कोल, निवासी बस स्टैंड के पास बुढ़ार, जिला शहडोल के रूप में हुई है। वह रविवार को बुढ़ार से अपने मायके दनदन टोला आई थी। सोमवार सुबह करीब 10 बजे उनके पिता राम प्रसाद कोल बाड़ी की ओर गए, जहां उन्होंने आम के पेड़ पर महिला का शव लटका देखा। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर दी सूचना
घटना के बाद परिजन सुबह करीब 10:30 बजे अनूपपुर कोतवाली थाना पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला ने साड़ी का फंदा बनाया था। घटना रविवार रात करीब 9 से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है।
एक साल पहले पति की हो चुकी थी मौत
परिजनों के मुताबिक रामबाई के पति की करीब एक साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। परिवार में उनकी 18 वर्षीय बेटी और 19 वर्षीय बेटा हैं। सास-ससुर का भी पहले ही निधन हो चुका है।
पुलिस जांच में जुटी
कोतवाली थाना के विवेचक सहायक उपनिरीक्षक संतोष वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ाएगी। फिलहाल महिला के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।