अनूपपुर: तालाब में डूबने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत, सिंघाड़े के पौधों में फंसा मिला शव
अनूपपुर। भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के सकौला गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां तालाब में डूबने से 45 वर्षीय मेकू भरिया की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह मछली पकड़ने के लिए तालाब गया था, लेकिन इसी दौरान गहरे पानी में डूब गया। काफी मशक्कत के बाद एसडीईआरएफ की टीम ने उसका शव बाहर निकाला।
परिजनों के मुताबिक, मेकू सुबह घर से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित सकौला तालाब गया था। दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच वह तालाब में डूब गया। आशंका है कि मछली पकड़ने के दौरान वह सिंघाड़े के पौधों में उलझ गया और बाहर नहीं निकल सका।
साथी ने बचाने की कोशिश की, लेकिन खुद भी डूबने लगा
घटना के दौरान मेकू का एक साथी उसे बचाने के लिए तालाब में उतरा। उसने मेकू का हाथ पकड़कर बाहर खींचने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह खुद भी डूबने लगा। हालांकि, किसी तरह वह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आया। इसके बाद मेकू के भाई ने पुलिस को सूचना दी।
85 किलोमीटर दूर से पहुंची एसडीईआरएफ की टीम
तालाब की गहराई और सिंघाड़े की फसल के कारण पुलिस ने जिला मुख्यालय अनूपपुर से एसडीईआरएफ की मदद मांगी। स्टेट कमांड सेंटर भोपाल को दोपहर 1:50 बजे सूचना मिली। इसके बाद प्लाटून कमांडर राम नरेश भवदी के नेतृत्व में 3 एसडीईआरएफ जवानों और 4 होमगार्ड जवानों की टीम करीब 85 किलोमीटर का सफर तय कर घटनास्थल पर पहुंची।
टीम ने दोपहर 3:30 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद 3:45 बजे मेकू का शव तालाब से बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।


