दुकान की आड़ में गांजा बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार, 1.09 किलो गांजा जब्त
शिव यादव
बलौदाबाजार - जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम डमरू में दुकान की आड़ में गांजा बेच रहे एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 90 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 20 जून को सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम डमरू निवासी चन्द्रकुमार पैकरा अपनी दुकान में अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने ग्राम डमरू पहुंचकर दुकान की घेराबंदी की और दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान के काउंटर के नीचे छिपाकर रखी गई सफेद प्लास्टिक झिल्ली से 1 किलो 90 ग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके पर ही आरोपी चन्द्रकुमार पैकरा (30 वर्ष) पिता बहादुर पैकरा, निवासी ग्राम डमरू को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 504/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने कहा है कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा नशे के कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।