पवई के पीड़ित संतोष अहिरवार को भू-अर्जन का मुआवजा दिलाने आगे आए इंजी. राहुल अहिरवार, जिला प्रशासन ने दिए जांच व कार्रवाई के निर्देश
1006717541.jpg

 ​पवई/पन्ना - शोषितों और पीड़ितों की आवाज़ को मजबूती से उठाने में सदैव तत्पर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति जनजाति विकास परिषद (इंडिया) के मध्य प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी इंजी. राहुल अहिरवार की सक्रियता से एक पीड़ित किसान को न्याय की उम्मीद जगी है। 

​मामला पवई मध्यम सिंचाई परियोजना से जुड़ा हुआ है, जिसमें पवई निवासी संतोष अहिरवार (पिता: डिल्ली अहिरवार) की भूमि (खसरा क्रमांक 434/1 एवं 435/1) भू-अर्जन के तहत प्रभावित हुई थी। पीड़ित की अतिरिक्त भूमि खसरा क्रमांक 434/1 (रकवा 0.060 हेक्टेयर) भी परियोजना में प्रभावित हुई थी, लेकिन बीते 5 वर्षों से संबंधित विभाग के चक्कर काटने के बावजूद उसे केवल आश्वासन ही मिल रहा था और उचित मुआवजा राशि प्राप्त नहीं हो सकी थी।  

​इस गंभीर समस्या को लेकर पीड़ित ने इंजी. राहुल अहिरवार के समक्ष अपनी व्यथा रखी। मामले को प्राथमिकता देते हुए इंजी. राहुल अहिरवार ने कलेक्टर पन्ना को पत्र लिखकर पीड़ित को नियमानुसार शीघ्र मुआवजा दिलाने की पुरजोर मांग उठाई।  
​इस मांग पत्र पर जिला प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया है। अपर कलेक्टर (भू-अर्जन) जिला पन्ना द्वारा कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन संभाग पन्ना को मूल आवेदन संलग्न कर निर्देशित किया गया है कि मामले की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और कृत कार्रवाई से कार्यालय को अवगत कराया जाए।  
​प्रशासनिक स्तर पर शुरू हुई इस त्वरित पहल से पीड़ित पक्ष में न्याय की उम्मीद बंधी है। वहीं, इंजी. राहुल अहिरवार ने स्पष्ट किया कि वंचित और पीड़ित वर्ग के हक व अधिकारों की लड़ाई निरंतर जारी रहेगी और जब तक संतोष अहिरवार को उनका संपूर्ण हक नहीं मिल जाता, तब तक वे इस विषय पर नजर बनाए रखेंगे।