बारह घंटे बाद शिवरीनारायण महानदी पुल पर आवागमन पुनः शुरू, राहगीरों ने ली राहत की सांस
भूपेन्द्र यादव
जांजगीर चांपा -- टेंपल सिटी शिवरीनारायण के महानदी पर बने शबरी सेतु पर लगभग बारह घंटे तक आवागमन बंद रहने के बाद शुक्रवार सुबह पुनः यातायात शुरू कर दिया गया। लगातार हो रही बारिश के कारण महानदी का जलस्तर बढ़ने से गुरुवार रात करीब 8:15 बजे पुल के ऊपर पानी बहने लगा था। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने दोनों ओर से आवागमन रोक दिया था।
शुक्रवार आज सुबह लगभग 8:15 बजे जलस्तर पुल से नीचे उतरने के बाद प्रशासन ने स्थिति का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों द्वारा सुरक्षा का आकलन करने के उपरांत दोनों ओर से वाहनों और आम नागरिकों के लिए पुल पर आवागमन बहाल कर दिया गया।
यह शबरी सेतु जांजगीर-चांपा और बलौदाबाजार जिलों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। आवागमन पुनः शुरू होने से स्थानीय लोगों, यात्रियों एवं वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम और नदी के जलस्तर को देखते हुए सतर्कता बरतें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।



