बूलेट का 'पटाखा' पड़ा महंगा: मनेंद्रगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मॉडिफाइड साइलेंसर पर 15 हजार का जुर्माना, मौके पर ही उतरवाए
सतेन्द्र गुप्ता
मनेंद्रगढ़ (छत्तीसगढ़)। जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) में सड़कों पर तेज आवाज और पटाखे जैसी आवाज निकालकर दहशत व ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले बुलेट चालकों के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर तीन बुलेट चालकों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कुल ₹15,000 का जुर्माना लगाया है और उनके वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर को मौके पर ही निकलवाकर जब्त कर लिया है।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चला विशेष अभियान
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और शहर को ध्वनि प्रदूषण से मुक्त कराने के लिए यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक (सरगुजा रेंज) दीपक कुमार झा (IPS) एवं पुलिस अधीक्षक (जिला MCB) श्रीमती रत्ना सिंह (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के मार्गदर्शन में की गई। सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़ पुलिस ने नगर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर अचानक चेकिंग पॉइंट लगाकर यह बड़ी कार्रवाई की।
इन वाहन चालकों पर गिरी गाज
चेकिंग के दौरान तीन बुलेट मोटरसाइकिल चालक नियमों की धज्जियां उड़ाते और तेज आवाज से आम नागरिकों को परेशान करते पाए गए। पुलिस ने मोटरयान अधिनियम की धारा 182A(4) के तहत प्रत्येक चालक पर ₹5,000 का जुर्माना ठोका।
कार्रवाई की सूची:
लोकनाथ साहू (वाहन क्रमांक: CG 11BQ 2027) — ₹5,000 जुर्माना
सुमित पहुंचेल (वाहन क्रमांक: MP 65 ZC 5601) — ₹5,000 जुर्माना
विकास (वाहन क्रमांक: JH 09 AS 1997) — ₹5,000 जुर्माना
पुलिस ने मौके पर ही अधिकृत मैकेनिक बुलाकर तीनों बुलेट से अवैध साइलेंसर उतरवाए और उन्हें जब्त कर लिया। चालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे दोबारा वाहनों में कंपनी के मानक (ओरिजिनल) साइलेंसर ही लगाएं।
नो-पार्किंग और बिना नंबर प्लेट वालों पर भी चला हंटर
इस अभियान के तहत पुलिस ने केवल साइलेंसर ही नहीं, बल्कि यातायात के अन्य नियमों को तोड़ने वालों को भी नहीं बख्शा। नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वाले और बिना नंबर प्लेट के घूम रहे 15 दुपहिया वाहनों के खिलाफ भी चलानी कार्रवाई की गई है।
6 महीने की जेल और भारी जुर्माने का है प्रावधान
मनेंद्रगढ़ कोतवाली पुलिस ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगाना न सिर्फ नियमों के खिलाफ है, बल्कि इसमें भारी जुर्माने के साथ 6 महीने की जेल का भी प्रावधान है। भविष्य में भी यह अभियान इसी तरह लगातार जारी रहेगा।
जिला पुलिस की अपील
जिला पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों और युवाओं से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी तरह का अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं। यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें और एक सुरक्षित व जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।
कार्रवाई में शामिल टीम:
इस सफल पुलिसिया कार्रवाई में थाना प्रभारी (TI) विवेक पाटले, उपनिरीक्षक (PSI) मनीष, कमलेश, हरीश, सहायक उपनिरीक्षक (ASI) अभिषेक, प्रधान आरक्षक (HC) प्रिंस, विवेकमणि, राकेश, सुनील, राजेश और आरक्षक आजाद की सराहनीय भूमिका रही।