पुलिस की बड़ी कार्रवाई: झाड़ियों में छिपाकर रखा 56 किलो गांजा जप्त, कीमत ₹6.60 लाख

अनूपपुर। - जिला पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पुष्पराजगढ़ के मार्गदर्शन में नशे के सौदागरों के खिलाफ करनपठार पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना करनपठार के अंतर्गत चौकी सरई पुलिस ने लावारिस हालत में झाड़ियों में छिपाकर रखा गया 56 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है। जप्त किए गए गांजे की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 6,60,000/- रुपये आंकी गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

मुखबिर की सूचना पर त्वरित एकशन 
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 मई 2026 की सुबह सरई चौकी प्रभारी उप निरीक्षक मंगला प्रसाद दुबे को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बड़ीतुम्मी स्थित जैन क्रेशर (जो वर्तमान में बंद है) के पास दतिरहा नाला के नजदीक बरमसिया की झाड़ियों में भारी मात्रा में अवैध गांजा बोरियों में छिपाकर रखा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना वक्त गंवाए कानूनी प्रक्रिया पूरी की। चूंकि अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) शासकीय कार्य से बाहर थे, इसलिए रेड की कार्रवाई में देरी होने और माल के खुर्द-बुर्द होने की आशंका को देखते हुए पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों (राजेन्द्र मार्को और हीरा सिंह गोंड) को साथ लेकर तुरंत सरकारी वाहन से मौके के लिए रवाना हो गई।

तीन नायलॉन की बोरियों में मिला गांजा
पुलिस टीम ने जब मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी, तो बंद जैन क्रेशर के बगल में नाले के पास झाड़ियों के नीचे छिपाकर रखी गईं तीन नायलॉन की बोरियां बरामद हुईं। गवाहों की मौजूदगी में जब बोरियों को खोलकर जांच किट से परीक्षण किया गया, तो उसमें कलीदार और दानेदार अवैध गांजा पाया गया।

तौल और जप्ती की कार्रवाई
इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर तीनों बोरियों का कुल वजन 56 किलोग्राम निकला, जिसका विवरण इस प्रकार है:
 बोरी  20.280 किलोग्राम (कीमत ₹2.50 लाख)
 बोरी  21.930 किलोग्राम (कीमत ₹2.60 लाख)
 बोरी 13.880 किलोग्राम (कीमत ₹1.50 लाख)

पुलिस ने मौके पर ही गांजे को सीलबंद कर उसकी वीडियोग्राफी कराई। आसपास के इलाकों और झाड़ियों में अज्ञात आरोपियों की काफी खोजबीन की गई, लेकिन मौके पर कोई संदिग्ध हाथ नहीं आया।

अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
सरई पुलिस ने जप्तशुदा गांजे को चौकी लाकर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्र. 167/2026, धारा 8/20 एन.डी.पी.एस. (NDPS) एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अज्ञात आरोपियों की पतारसी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई को करनपठार थाना प्रभारी निरीक्षक बीरेन्द्र कुमार बरकरे के नेतृत्व में सरई चौकी प्रभारी उप निरीक्षक मंगला प्रसाद दुबे, प्रधान आरक्षक रामप्रसाद सिंह मरावी, प्रधान आरक्षक फूल सिंह श्याम, आरक्षक साहब सौर और आरक्षक नीरज गुप्ता द्वारा बखूबी अंजाम दिया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की गई है।