बिजुरी पुलिस का त्वरित एक्शन: रात में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले तीन शातिर आरोपी गिरफ्तार, 95 हजार का मशरूका बरामद
अनूपपुर - जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के कुशल मार्गदर्शन में थाना बिजुरी पुलिस ने शासकीय आवास में हुई चोरी का चंद घंटों में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
फरियादिया शोभा जायसवाल (उम्र 34 वर्ष), निवासी उप स्वास्थ्य केंद्र थानगांव (थाना बिजुरी) ने दिनांक 20.08.2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15.08.2026 से 18.08.2026 के मध्य अज्ञात चोरों ने उनके शासकीय आवास की किचन व कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और 35,000 रुपये नकद (कुल मशरूका कीमत लगभग 95,000 रुपये) पार कर दिए हैं। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना बिजुरी में बीएनएस (BNS) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
विवेचना के दौरान मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। सूचना के आधार पर कोरजा रोड के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी का मशरूका बरामद कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
* मूलचंद केवट (उम्र 30 वर्ष), पिता बलवीर केवट, निवासी ग्राम थानगांव, थाना बिजुरी
* विकास सिंह गोंड, पिता चंद्रभान सिंह गोंड, निवासी ग्राम थानगांव, थाना बिजुरी
* अशोक उर्फ मिर्चु सिंह गोंड (उम्र 32 वर्ष), पिता बब्बू सिंह गोंड, निवासी ग्राम थानगांव, थाना बिजुरी
बरामद मशरूका (कीमत लगभग ₹95,000/-)
* 01 लैपटॉप
* 01 मोबाइल फोन
* 01 इंडक्शन चूल्हा
* 01 हेयर ड्रायर
* 01 बैटरी
* 01 चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
सराहनीय भूमिका
उक्त चोरी का पर्दाफाश करने में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास सिंह, सउनि उदय प्रजापति, प्र.आर. गोपाल यादव, प्र.आर. सतीश मिश्रा, आर. मनोज उपाध्याय एवं आर. रवि सिंह की उल्लेखनीय भूमिका रही।



