खेत में बने मकान में अकेली रह रही 55 वर्षीय विधवा की हत्या, सिर पर भारी वस्तु से हमला

शहडोल। जिले के सीधी थाना क्षेत्र के दरैन बाहर टोला में 55 वर्षीय विधवा महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला खेत के बीच बने मकान में अकेली रहती थीं। रात के समय अज्ञात हमलावर ने उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

मृतका की पहचान प्रेम बाई अहिरवार, पत्नी स्वर्गीय राम नारायण अहिरवार के रूप में हुई है। पति की मृत्यु के बाद वह खेत में बने मकान में अकेली रह रही थीं। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा उमरिया जिले के पाली में डाक विभाग में कार्यरत है, जबकि छोटा बेटा देवशरण अहिरवार गांव के पुराने मकान में अलग रहता है।

सुबह पड़ोसी महिला के घर पहुंचे तो प्रेम बाई खून से लथपथ मृत अवस्था में मिलीं। इसके बाद डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सीधी थाना प्रभारी शिवेंद्र भगत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस की शुरुआती जांच में महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। आशंका है कि किसी भारी वस्तु से हमला कर उनकी हत्या की गई। हालांकि हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार या वस्तु अभी बरामद नहीं हुई है।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना वाली रात महिला के घर के आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति तो नहीं देखा गया था।
फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस महिला की किसी से दुश्मनी, विवाद या अन्य संभावित कारणों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही घटना के समय आसपास मौजूद लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर अज्ञात आरोपी की तलाश तेज कर दी है।