शहडोल। जिले के देवेलौंद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुखाड़ में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। मिट्टी खोदने के दौरान अचानक नावघटा घाट का एक हिस्सा धंस गया, जिसकी चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक शनि कोल मिट्टी के नीचे दब गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद अन्य लोग बाल-बाल बच गए।
जेसीबी की मदद से निकाला गया शव
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से मिट्टी हटाकर युवक को बाहर निकाला गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान शनि कोल, पिता शेखा कोल के रूप में हुई है।
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
हादसे की जानकारी मिलने पर कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने अधिकारियों को घटनास्थल का निरीक्षण करने और हादसे के कारणों की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इसके अलावा पात्रता के आधार पर शासन के नियमानुसार अतिरिक्त सहायता देने के निर्देश भी दिए गए हैं।