अंतरराष्ट्रीय आयुर्वेदाचार्य डॉ. प्रकाश टाटा पहुंचे संस्कार सेना के राष्ट्रीय कार्यालय
भोपाल, - अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त आयुर्वेदाचार्य एवं संस्कार सेना के संरक्षक डॉ. प्रकाश टाटा गुरुजी रविवार को अपने सीईओ अजय मिश्रा एवं अरुण कुमार सोलंकी के साथ भोपाल के एमपी नगर स्थित संस्कार सेना के राष्ट्रीय कार्यालय पहुंचे। उनके आगमन पर संस्कार सेना के संस्थापक हरभजन जांगड़े सहित राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर संस्कार सेना के मीडिया प्रभारी एवं वेब पोर्टल चैनल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विनोद सूर्यवंशी ने बड़ी माला पहनाकर गुरुजी एवं अन्य वरिष्ठजनों का स्वागत किया। उन्होंने अपने पुत्र के विवाह का आमंत्रण पत्र भेंट कर सभी अतिथियों को विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया।
कार्यक्रम में संस्कृति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र बिरोले, प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र कटारे, प्रदेश प्रवक्ता कर्मवीर सिंह, आजीवन सदस्य राजेंद्र बुजाडे़ एवं राष्ट्रीय मुख्य सचिव सुश्री अलका धुर्वे सहित संस्कृति प्रकोष्ठ की टीम ने मनमोहक भजनों एवं स्वागत गीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
आयुर्वेद के माध्यम से भारत का नाम विश्व में रोशन करने का दावा
इस अवसर पर डॉ. प्रकाश टाटा गुरुजी ने आयुर्वेद, भारतीय औषधियों और प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा स्थित पातालकोट के जंगलों में उपलब्ध जड़ी-बूटियों के माध्यम से वे विभिन्न जटिल बीमारियों के उपचार के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अब तक 128 देशों से उन्हें उपचार के लिए आमंत्रित किया जा चुका है। हाल ही में आठ दिनों में 15 देशों का दौरा कर उन्होंने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि विदेशों में अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों का उपचार करने के साथ-साथ वे गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए भी प्रतिदिन वीडियो जारी करते हैं। इन वीडियो के माध्यम से भारतीय औषधियों की जानकारी और निशुल्क घरेलू उपचार के उपाय बताए जाते हैं, ताकि आमजन भी आयुर्वेद का लाभ उठा सकें।
प्रकृति संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील
डॉ. टाटा गुरुजी ने कहा कि भारतीय संस्कृति और प्रकृति का संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से पीपल, बरगद, हरसिंगार, तुलसी और महुआ जैसे उपयोगी पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने नीलगिरी के पेड़ों के अंधाधुंध रोपण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हमें ऐसे पौधों को प्राथमिकता देनी चाहिए, जो पर्यावरण और प्रकृति के अनुकूल हों।
उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए ब्रह्म मुहूर्त में उठने, रात्रि भोजन से परहेज करने, योग एवं मेडिटेशन अपनाने और आयुर्वेद को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की सलाह दी। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
वही अजय मिश्रा ने कहा कि टाटा गुरुजी साधारण पुरुष नहीं अवतारी पुरुष हैं मैं उनके साथ 24 घंटे रहता हूं उनके संघर्षों को देखता हूं गुरुजी भारत भूमि पर गौरवपूर्ण इतिहास रचने का कार्य कर रहे हैं मैं भी उनके सेवक के रूप में समर्पित हूं
माता-पिता के सम्मान के लिए संस्कार सेना के अभियान की सराहना
डॉ. प्रकाश टाटा गुरुजी ने संस्कार सेना द्वारा पूरे भारत में चलाए जा रहे माता-पिता के सम्मान अभियान की सराहना करते हुए कहा कि संस्कार सेना समाज में माता-पिता के प्रति सम्मान, सेवा और समर्पण की भावना जागृत करने का सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वे विश्व के जिस भी देश में जाते हैं, वहां संस्कार सेना और माता-पिता के सम्मान का संदेश अवश्य देते हैं और आगे भी यह कार्य निरंतर जारी रखेंगे।
उन्होंने संस्थापक हरभजन जांगड़े सहित पूरी टीम को आशीर्वाद देते हुए कहा कि संस्कार सेना के इस अभियान को विश्व स्तर पर भी पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी घोषणा की कि बहुत जल्द मुंबई में संस्कार सेना के पदाधिकारियों का सम्मान समारोह आयोजित कराया जाएगा।
कथा व्यास पं. सुनील तिवारी महाराज का किया सम्मान
कार्यक्रम में संस्कार सेना के दूसरे संरक्षक एवं प्रसिद्ध कथा व्यास पंडित सुनील तिवारी जी महाराज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। डॉ. टाटा गुरुजी ने अपने हाथों से उनका सम्मान किया और कहा कि सनातन धर्म एवं भारतीय संस्कृति को जीवित रखने के लिए पंडित सुनील तिवारी जैसे संतों और कथावाचकों की देश को अत्यंत आवश्यकता है।
इस अवसर पर पंडित सुनील तिवारी जी महाराज ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि उन्होंने व्यास गादी से संकल्प लिया है कि उनकी जहां भी कथा होगी, उसमें एक दिन संस्कार सेना के नाम समर्पित रहेगा। उस दिन माता-पिता का पूजन एवं सम्मान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे अपने इस संकल्प को निरंतर पूरा कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।
अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
इस गरिमामय अवसर पर राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र मेहरा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नगर निगम भोपाल के वार्ड क्रमांक 44 के पार्षद विमलेश ठाकुर, जिला अध्यक्ष राजेंद्र नाइक, मीडिया प्रभारी मांगीलाल कुशवाहा, सत्तार खान, प्रकाश दुबे, कौशल बैरागी, प्रदीप मैथिल, आशीष मिश्रा, पंडित गोपाल सिंह जी, एडवोकेट प्रियांशु सूर्यवंशी, अरुण कुमार सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं उपस्थितजनों ने डॉ. प्रकाश टाटा गुरुजी का आरती पूजन तिलक एवं शाल श्रीफल से सम्मान करते हुए स्मृति चिन्ह प्रदान किया
पूरा आयोजन भारतीय संस्कृति, आयुर्वेद, प्रकृति संरक्षण और माता-पिता के सम्मान के संदेश को समर्पित रहा।


