थाना रामनगर पुलिस की कार्रवाई- 02 दिनों में 02 गुमशुदगी प्रकरणों का सफल निराकरण, नाबालिग व बालिग की सकुशल दस्तयाबी
अनूपपुर। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री विक्रांत मुराब के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगनाथ मारकाम एवं एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामनगर श्री सुमित कौशिक के नेतृत्व में थाना रामनगर पुलिस द्वारा गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश हेतु लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में विगत 02 दिनों में 02 अलग-अलग प्रकरणों में 01 नाबालिग बालिका एवं 01 बालिग महिला को सकुशल दस्तयाब कर उनके मामलों का सफल निराकरण किया गया।
प्रकरण क्रमांक 01 : नाबालिग बालिका सकुशल दस्तयाब
दिनांक 21.07.2026 को सूचनाकर्ता श्रीमती रुक्मणी पनिका (उम्र 40 वर्ष), निवासी ग्राम जमुड़ी, थाना रामनगर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी 16 वर्ष 11 माह की पुत्री ग्राम जमुड़ी से कोतमा कॉलेज पढ़ने गई थी, किंतु वापस घर नहीं लौटी। प्राप्त रिपोर्ट पर थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 217/26 धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस टीम द्वारा लगातार तलाश एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गुमशुदा बालिका संजना पुरी को शहडोल से सकुशल दस्तयाब किया गया। बालिका के कथन माननीय न्यायालय के समक्ष कराए जाने के उपरांत दिनांक 29.07.2026 को उसे विधिवत उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
प्रकरण क्रमांक 02 : बालिग महिला की दस्तयाबी
दूसरे प्रकरण में फरियादी सुनील पाव पिता पूसाम पाव (उम्र 28 वर्ष), निवासी रजबाँध, थाना बुढ़ार द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह अपनी पत्नी लीलावती पाव (उम्र 27 वर्ष) के साथ रामनगर में मजदूरी करने आया था, जहां उसकी पत्नी बिना बताए कहीं चली गई।
प्राप्त रिपोर्ट पर दिनांक 19.07.2026 को थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 215/26 धारा 140(3) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान ज्ञात हुआ कि महिला स्वयं बिना बताए शहडोल में रह रही थी। थाना रामनगर पुलिस द्वारा उसे सकुशल दस्तयाब कर माननीय न्यायालय के समक्ष दिनांक 29.07.2026 को प्रस्तुत कर उसके कथन कराए गए।
विशेष उपलब्धि
थाना रामनगर पुलिस की सतत कार्यवाही एवं प्रभावी जागरूकता का परिणाम है कि थाना क्षेत्र में वर्तमान में किसी भी नाबालिग बालक अथवा बालिका की गुमशुदगी का कोई भी प्रकरण लंबित अथवा अनसुलझा नहीं है। गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र तलाश एवं सुरक्षित दस्तयाबी के लिए थाना रामनगर पुलिस निरंतर प्रतिबद्ध है।



