“समर कैंप आरोह 2026 से निखरेंगी ग्रामीण प्रतिभाएं”।चैतन्य

जैतहरी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित “समर कैंप आरोह 2026” के अंतर्गत जैतहरी में वॉलीबॉल, एथलेटिक्स एवं ताइक्वांडो खेलों का नियमित प्रशिक्षण उत्साहपूर्वक जारी है। कलेक्टर अनूपपुर हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा प्रभारी जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जगनाथ मरकाम के मार्गदर्शन में यह प्रशिक्षण शिविर संचालित किया जा रहा है।आयोजक एवं ग्रामीण युवा समन्वयक विकासखंड जैतहरी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग जैतहरी तथा स्टेट रेफरी नेशनल ट्रेनर दिनेश कुमार सिंह चंदेल द्वारा प्रतिदिन सुबह एवं शाम वॉलीबॉल और एथलेटिक्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं ताइक्वांडो प्रशिक्षण विकास कुमार भारती द्वारा प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्य में फूलचंद, दिनेश निषाद, अमन वर्मा एवं आयुष नामदेव का भी सराहनीय सहयोग मिल रहा है।
आज दिनांक 19 मई  को शाम 5 बजे संतोषी क्लब जैतहरी वॉलीबॉल मैदान में जिला वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद शहडोल संभाग के अध्यक्ष चैतन्य मिश्रा का आगमन हुआ। इस अवसर पर जैतहरी ब्लॉक के पत्रकार श्रमजीवी संघ के कोषाध्यक्ष विजय राठौर भी उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए चैतन्य मिश्रा ने कहा कि दिनेश कुमार सिंह चंदेल द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज” तथा “सुबह की हवा हर रोग की दवा” जैसे संदेश युवाओं को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करते हैं। उन्होंने “समर कैंप आरोह 2026 सफल हो” के नारों के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने कहा कि गर्मी की छुट्टियों में आयोजित यह समर कैंप बच्चों को नई-नई खेल तकनीकों से परिचित करा रहा है। यहां से कई खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुके हैं। हमारा प्रयास है कि ग्रामीण अंचलों में छिपी प्रतिभाओं को मंच मिले और वे खेलों के माध्यम से अपना भविष्य उज्ज्वल बनाएं।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों से अनुशासन, नियमित अभ्यास और टीम भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया गया। वर्तमान में इस समर कैंप में लगभग 165 बालक एवं बालिकाएं सहभागिता कर खेल प्रशिक्षण का लाभ ले रहे हैं।