शहडोल में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही सीसी सड़क,घटिया सामग्री के इस्तेमाल से ग्रामीणों में आक्रोश

शहडोल (मध्य प्रदेश):

जिले के जयसिंहनगर जनपद से विकास कार्यों में बड़े भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ की ग्राम पंचायत जमुनिहा (मढ़ा गांव) में सरकारी नियमों और तय मापदंडों को ताक पर रखकर सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में खुलेआम घटिया सामग्री का इस्तेमाल हो रहा है, जिससे सड़क के चंद दिनों में ही टूटने का खतरा मंडराने लगा है।

लापरवाही का खेल: साफ रेत की जगह मिट्टी और डस्ट का इस्तेमाल

​स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा जमकर मनमानी की जा रही है। नियमों के विपरीत, सड़क बनाने में साफ रेत की जगह मिट्टी युक्त बालू और क्रेशर डस्ट का धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जा रहा है। इतना ही नहीं, मजबूती के लिए तय मानक की गिट्टी की जगह 30mm से भी बड़ी गिट्टी का उपयोग धड़ल्ले से हो रहा है, जो कि सीसी रोड के नियमों के पूरी तरह खिलाफ है।