शासकीय महाविद्यालय वेंकटनगर में 'नशे से दूरी जरूरी 2.0' अभियान के तहत रैली व शपथ ग्रहण का आयोजन

​वेंकटनगर - मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार स्थानीय शासकीय महाविद्यालय वेंकटनगर में नशा उन्मूलन गतिविधियों के अंतर्गत 'नशे से दूरी जरूरी 2.0' अभियान का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार अहिरवार के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
1006187127.jpg

 नशा मुक्ति के लिए निकाली जागरूकता रैली

अभियान की शुरुआत में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राओं द्वारा एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इसके तत्पश्चात महाविद्यालय प्रांगण में एक विशेष सभा का आयोजन हुआ, जहां संस्था के क्रीड़ा अधिकारी द्वारा उपस्थित समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

​"नशे को कहें ना, और जीवन को कहें हां"
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार अहिरवार ने कहा, "नशे की इस गंभीर समस्या से हमें न केवल खुद दूर रहना है, बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना है। युवा पीढ़ी को खेल, शिक्षा और कला जैसी सकारात्मक गतिविधियों में अपना समय लगाना चाहिए। आज हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि हम नशे को कहेंगे 'ना' और जीवन को कहेंगे 'हां'। अपने स्वस्थ भविष्य, परिवार और देश के लिए एक नशा मुक्त समाज का निर्माण करना हम सभी का दायित्व है।"

​इस गरिमामयी और प्रेरणादायक कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, गैर-शिक्षण स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराकर कार्यक्रम को सफल बनाया।