विज्ञापन के लिए संपर्क करे - 7000187262जगत संवाद में आपका स्वागत है — खबरों का महाकुम्भ, निष्पक्ष निडरताजा खबरों के लिए जगत संवाद पढ़ते रहेंविज्ञापन के लिए संपर्क करे - 7000187262जगत संवाद में आपका स्वागत है — खबरों का महाकुम्भ, निष्पक्ष निडरताजा खबरों के लिए जगत संवाद पढ़ते रहें
राष्ट्रीय खेल दिवस पर अनूपपुर में खेल प्रतिभाओं ने दिखाया दमखम
क
कैलाश अहिरवार
राजनीति
📅 29 Aug 2026, 2:52 PM🕐 29 Aug 2026⏱ पढ़ने का समय: 1 मिनट
👁 17 व्यूज💬 0 टिप्पणियाँ
🔗 शेयर करें:
राष्ट्रीय खेल दिवस पर अनूपपुर में खेल प्रतिभाओं ने दिखाया दमखम
मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देकर वॉलीबॉल, कबड्डी एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का आयोजन ।भारत ज्योति विद्यालय वॉलीबॉल में विजेता, केंद्रीय विद्यालय उपविजेता
अनूपपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार 29 अगस्त 2026 को खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला अनूपपुर द्वारा हॉकी के जादूगर एवं महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी की स्मृति में वॉलीबॉल, कबड्डी एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के बच्चों एवं युवा खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं खेल भावना का विकास करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार एवं मध्य प्रदेश शासन के संयुक्त तत्वावधान में संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर अनूपपुर रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक अनूपपुर विक्रांत मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जगनाथ मरकाम के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद शहडोल संभाग के अध्यक्ष एवं जिला वॉलीबॉल संघ अनूपपुर के अध्यक्ष चैतन्य मिश्रा रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि चैतन्य मिश्रा ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों एवं बच्चों को मेजर ध्यानचंद के जीवन, संघर्ष और खेल उपलब्धियों से अवगत कराया।
खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और सफलता की राह दिखाता है : चैतन्य मिश्रा
मुख्य अतिथि चैतन्य मिश्रा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की स्मृति में मनाया जाता है। मेजर ध्यानचंद केवल भारत के महान हॉकी खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में अपने अद्भुत खेल कौशल, निरंतर अभ्यास और अनुशासन के बल पर विश्वभर में भारत का गौरव बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन हमें यह सीख देता है कि प्रतिभा के साथ निरंतर अभ्यास, अनुशासन, समर्पण और देश के प्रति प्रेम हो तो व्यक्ति जीवन में किसी भी ऊंचाई को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि आप सभी ने मेजर ध्यानचंद जी की याद में बहुत अच्छा खेल प्रदर्शन किया है। इसी तरह आगे बढ़ते रहें और अनुशासन में रहते हुए देश के अच्छे नागरिक बनें। निश्चित रूप से खेल और अनुशासन व्यक्ति को बहुत बड़ा बनाता है।
श्री मिश्रा ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन है। आज के समय में बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी नियमित रूप से भाग लेना चाहिए। ग्रामीण एवं छोटे शहरों में अनेक प्रतिभाएं संसाधनों के अभाव में आगे नहीं आ पातीं। ऐसी प्रतियोगिताएं उन प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार से निराश होने के बजाय हार से सीख लेकर आगे बढ़ना ही एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान है। जिले में खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच, प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाने चाहिए।
वॉलीबॉल में भारत ज्योति विद्यालय विजेता
आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भारत ज्योति विद्यालय की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि केंद्रीय विद्यालय की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ हिस्सा लिया।
विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि चैतन्य मिश्रा द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं कबड्डी एवं बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को भी मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
आयोजन में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम के आयोजक जिला खेल प्रशिक्षक एवं जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव रामचंद्र यादव रहे। आयोजन में विकासखंड ग्रामीण युवा समन्वयक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, विकासखंड जैतहरी, जिला अनूपपुर, स्टेट रेफरी एवं नेशनल ट्रेनर तथा जिला वॉलीबॉल संघ के सहसचिव एवं नशा मुक्ति भारत अभियान के राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर दिनेश कुमार सिंह चंदेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम में पूरन सिंह श्याम, जिला क्रीड़ा प्रभारी शिक्षा विभाग खलील कुरैशी, पीटीआई सलीम सिद्दीकी, पीटीआई किशोर कुमार साकेत, पीटीआई विवेक कुमार यादव, समृद्धि सिंह एवं आकाश सिंह सहित प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका एवं सफल मंच संचालन दिनेश कुमार सिंह चंदेल, स्टेट रेफरी, नेशनल ट्रेनर वॉलीबॉल, नशा मुक्ति भारत अभियान के राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर, जिला वॉलीबॉल संघ के सहसचिव एवं विकासखंड समन्वयक खेल एवं युवा कल्याण विभाग जैतहरी, जिला अनूपपुर द्वारा किया गया।कार्यक्रम के अंत में जिला खेल प्रशिक्षक एवं जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव रामचंद्र यादव द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में शौर्य अग्रवाल की टीम एवं निखिल त्रिपाठी की टीम का पूर्ण सहयोग रहा।राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने जिले के बच्चों एवं युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ जीवन, अनुशासन और सकारात्मक सोच का संदेश दिया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से यह संदेश भी दिया कि उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर अनूपपुर जिले की खेल प्रतिभाएं भी प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सक्षम हैं।