राजनगर उपक्षेत्रीय प्रबंधक से क्षेत्रीय जनसमस्याओं को लेकर प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, ज्ञापन सौंपकर त्वरित समाधान की मांग
राजनगर! अनूपपुर जिले के राजनगर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर समाजसेवियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपक्षेत्रीय प्रबंधक, राजनगर से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन में प्रमुख रूप से कॉलोनियों के आवासों के पीछे स्थित नालियों की नियमित एवं समुचित साफ-सफाई कराए जाने की मांग की गई, ताकि जलभराव, गंदगी एवं मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से लोगों को राहत मिल सके। इसके साथ ही कॉलोनियों में स्थापित विद्युत पोल एवं स्ट्रीट लाइटों के आसपास उगी झाड़ियों और पेड़-पौधों की तत्काल छंटाई कराने की मांग रखी गई, जिससे प्रकाश व्यवस्था सुचारु रहे और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। प्रतिनिधिमंडल ने शांतिनगर स्थित जर्जर जल टंकी की ओर भी ध्यान आकर्षित करते हुए उसकी तत्काल तकनीकी जांच एवं आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। उपक्षेत्रीय प्रबंधक ने समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान सिविल विभाग के द्विवेदी जी भी उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने संबंधित ठेकेदार को तत्काल आवश्यक कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए तथा सभी समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।प्रतिनिधिमंडल में जितेंद्र तिवारी, आलोक सिंह, पिंकू सिंह, राहुल सिंह सहित अन्य समाजसेवी उपस्थित रहे।
