मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम का सत्रारंभ समारोह संपन्न

नवागत एवं पूर्व विद्यार्थियों का हुआ सम्मेलन, समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान

1006489465.jpg

 जयसिंहनगर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन के तत्वावधान में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 का सत्रारंभ समारोह रविवार, 23 अगस्त 2026 को संदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जयसिंहनगर के सभागार में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर नवागत एवं पूर्व छात्र-छात्राओं का सम्मेलन भी आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्राचार्य सनत पांडेय तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष जयसिंहनगर जयश्री कचेर, भाजपा जिला कार्य समिति सदस्य एवं स्वामी विवेकानन्द सेवा समिति बांसा नवांकुर संस्था के अध्यक्ष राजेश द्विवेदी, भाजपा जिला कार्य समिति सदस्य एवं वनोपज समिति उपाध्यक्ष रामनारायण पांडेय सहित उपस्थित अतिथियों द्वारा मां सरस्वती, भारत माता एवं स्वामी विवेकानन्द जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की रूपरेखा एवं प्रस्तावना ब्लॉक समन्वयक हृतिकदास मिश्रा द्वारा प्रस्तुत की गई। उन्होंने नवागत एवं पूर्व विद्यार्थियों को नवीन शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्राचार्य सनत पांडेय ने कहा कि युवा शक्ति देश और समाज के विकास की सबसे महत्वपूर्ण ताकत है। शिक्षा को केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम न मानते हुए विद्यार्थियों को समाजसेवा, जनकल्याण एवं राष्ट्र निर्माण का साधन बनाना चाहिए। विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता के साथ अनुशासन, संस्कार एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होना आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथि राजेश द्विवेदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ समाज के अंतिम छोर पर बैठे लोगों के उत्थान के लिए कार्य करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन पर केक काटने के बजाय पौधरोपण की परंपरा विकसित की जानी चाहिए और लगाए गए पौधों के पूर्ण विकसित होने तक उनकी सुरक्षा एवं देखरेख की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिकता, समाजसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्य केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उन्हें जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से पहुंचाना चाहिए।
भाजपा जिला कार्य समिति सदस्य एवं वनोपज समिति उपाध्यक्ष रामनारायण पांडेय ने कहा कि नशा ही नाश का कारण है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि आज मोबाइल भी समाज में एक प्रकार का नशा बनता जा रहा है। विद्यार्थियों को मोबाइल का उपयोग ज्ञान एवं सकारात्मक कार्यों के लिए करना चाहिए।
भाजपा मंडल अध्यक्ष जयसिंहनगर जयश्री कचेर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में कौशल उन्नयन अत्यंत आवश्यक है। शिक्षा के साथ नए कौशल सीखकर युवा अपने व्यक्तित्व एवं कार्यक्षमता का विकास कर सकते हैं।
सभी वक्ताओं ने मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के संचालन के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों से कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ लेकर समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि राजेश द्विवेदी द्वारा विद्यार्थियों को नशामुक्ति एवं स्वैच्छिकता की शपथ दिलाई गई। उन्होंने नवागत विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन नवांकुर संस्था सेक्टर जयसिंहनगर के अध्यक्ष पवन तिवारी द्वारा किया गया। अंत में परामर्शदाता ओमप्रकाश शुक्ला ने उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में मीडिया से राकेश गुप्ता जी, शीतेंद्र पयासी जी सहित परामर्शदाता वर्षा पटेल एवं महेंद्र पाल सहित एम.एस.डब्ल्यू. एवं बी.एस.डब्ल्यू. के नवागत एवं पूर्व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह के अंत में अतिथियों ने विद्यार्थियों को समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।