कुदरी - भारी बारिश ने छीना गरीब का आशियाना, जलभराव से ढहा मकान खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर पीड़ित परिवार

​जयसिंहनगर /कुदरी - शहडोल जिले के जनपद पंचायत जयसिंहनगर अंतर्गत ग्राम कुदरी में लगातार हो रही तेज बारिश और पानी की उचित निकासी न होने के कारण एक गरीब ग्रामीण का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

​जलभराव से ढहा मकान, गृहस्थी का सामान मलबे में दबा

पीड़ित ग्रामीण चकबंदन रैदास ने बताया कि बस्ती में PCC सड़क और नाली की व्यवस्था न होने के कारण बारिश का सारा पानी उनके घर की नींव में जमा हो रहा था। लगातार पानी भरने की वजह से मकान की दीवारें कमजोर होकर ढह गईं। मकान गिरने से घर के अंदर रखा सारा अनाज और दैनिक उपयोग का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया।

​आवेदन के बावजूद नहीं बनी थी नाली और सड़क

चकबंदन रैदास के अनुसार, उन्होंने अपने मकान की सुरक्षा और जल निकासी की समस्या को देखते हुए करीब एक वर्ष पूर्व ही PCC निर्माण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था, ताकि बारिश के दिनों में जलभराव की स्थिति न बने। लेकिन समय पर कार्य न हो पाने का खामियाजा आज उनके परिवार को बेघर होकर भुगतना पड़ रहा है।

​प्रशासन से मुआवजे और आशियाने की गुहार

हादसे के बाद बेसहारा हुआ परिवार अब खुले आसमान के नीचे दिन काटने को विवश है। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कर नुकसान का पंचनामा बनाया जाए।
​प्राकृतिक आपदा और बारिश से हुए नुकसान के तहत उचित आर्थिक सहायता व मुआवजा राशि दी जाए।

​भविष्य में अन्य घरों को सुरक्षित रखने के लिए क्षेत्र में जल्द से जल्द जल निकासी हेतु नाली व PCC निर्माण कराया जाए।