खेलते-खेलते काल के गाल में समाए दो भाई, गहरे गड्ढे में डूबने से दर्दनाक मौत
शहडोल। अमलाई थाना क्षेत्र के गाड़ाघाट के पास दफाई में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के पानी से भरे तालाबनुमा गड्ढे में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान पुरानी अमराडंडी निवासी विक्रम सिंह गोंड के बेटे विवेक सिंह गोंड (14) और बारिश सिंह गोंड (10) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों भाई खेलते-खेलते गाड़ाघाट के पास दफाई स्थित पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों नहाने के लिए पानी में उतर गए। नहाते समय बड़ा भाई विवेक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बड़े भाई को डूबता देख छोटा भाई बारिश उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया, लेकिन वह भी गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते दोनों भाई पानी में डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही अमलाई पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शव पानी से बाहर निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे के अनुसार, दोनों भाइयों की पानी में डूबने से मौत हुई है।
हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, घटना ने बारिश के दौरान खुले और पानी से भरे गड्ढों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



