जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद: 58 विद्यार्थियों ने किया सुहागपुर थाने का भ्रमण
पुलिस की कार्यप्रणाली, FIR, CCTNS और डायल-112 की दी गई जानकारी, विद्यार्थियों ने किया पौधरोपण
शहडोल। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल के निर्देशन में जिले में संचालित जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद कार्यक्रम के तहत मंगलवार को थाना सुहागपुर में शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांपा के 58 छात्र-छात्राओं को थाना भ्रमण कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को थाने की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उपनिरीक्षक नेहा उइके सहित पुलिस स्टाफ ने विद्यार्थियों को शिकायत दर्ज करने, प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) की प्रक्रिया एवं उसके निराकरण, CCTNS, ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क, थाना में संधारित विभिन्न रजिस्टरों, थाना प्रभारी कक्ष, मालखाना एवं बंदीगृह सहित पुलिस व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
विद्यार्थियों को डायल-112 आपातकालीन पुलिस सहायता सेवा की कार्यप्रणाली के बारे में भी बताया गया। डायल-112 के कर्मचारियों एवं पायलट ने जानकारी देते हुए बताया कि वाहन दुर्घटना, गंभीर अपराध अथवा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तथा बालिकाओं एवं महिलाओं के संकट में होने पर डायल-112 के माध्यम से पुलिस की त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है।
थाना भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से थाने की कार्यप्रणाली एवं पुलिस व्यवस्था से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों द्वारा सरलता से जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में थाना परिसर में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं पुलिस कर्मचारियों ने मिलकर फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों की देखभाल का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक नेहा उइके, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र पटेल, मनहरण पांडे, बसंता सिंह, आरक्षक अतुल शुक्ला, महिला आरक्षक सजल तिवारी सहित थाना स्टाफ की उपस्थिति रही।



