जल गंगा संवर्धन तृतीय चरण एवं बावड़ी उत्सव का आयोजन ग्राम बांसा में संपन्न

जयसिंहनगर। जल गंगा संवर्धन अभियान के तृतीय चरण एवं बावड़ी उत्सव के सममापन अवसर पर दिनांक 30 जून 2026 को म.प्र. जन अभियान परिषद, योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, मध्यप्रदेश जिला शहडोल के जिला समन्वयक श्री विवेक पांडेय जी के निर्देशन तथा ब्लॉक समन्वयक श्री ऋत्विक दास मिश्रा जी की उपस्थिति में ग्राम बांसा स्थित खुजुलुहा धार के समीप शिव मंदिर परिसर में स्थित बावड़ी पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन नवांकुर संस्था, सेक्टर क्रमांक-05, टिहकी स्वामी विवेकानन्द सेवा समिति बांसा द्वारा किया गया। संस्था के अध्यक्ष श्री राजेश द्विवेदी जी के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में शिव मंदिर में भगवान शिव तथा बावड़ी का विधिवत पूजन-अर्चन एवं नारियल अर्पित कर बावड़ी उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया।

इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों द्वारा बावड़ी के जल में जमी काई को हटाकर साफ-सफाई की गई तथा जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया गया। ब्लॉक समन्वयक श्री ऋत्विक दास मिश्रा जी एवं संस्था अध्यक्ष श्री राजेश द्विवेदी जी ने उपस्थित जनसमुदाय को जल संरक्षण, पारंपरिक जल स्रोतों के संवर्धन तथा स्वच्छता के महत्व के संबंध में जागरूक किया।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाते हुए “जल है तो कल है” के संकल्प को दोहराया। सभी ने जल बचाने, बावड़ियों एवं अन्य पारंपरिक जल स्रोतों को संरक्षित रखने, स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण हेतु सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

वक्ताओं ने कहा कि जल संरक्षण की दिशा में किया गया प्रत्येक प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर सिद्ध होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले सभी सम्माननीय साथियों, एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में नवांकुर संस्था के कार्यक्रम समन्वयक सत्यम तिवारी, सचिव छोटेलाल मिश्रा, सदस्य कमलेश्वर द्विवेदी, वार्ड पंच दयाशंकर मिश्रा, पूर्व पंच मिरू चर्मकार, समाजसेवी ईश्वरदीन कहार, रामदास साहू, अनिल साहू, अंजनी चर्मकार एवं आनंद मिश्रा सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे।

“आइए, जल बचाएं – भविष्य सुरक्षित बनाएं।”