“जब तक वर्तमान थाना प्रभारी पद पर रहेंगे, कोतमा की जनता को न्याय मिलना मुश्किल”
चेन लूट के बाद फूटा जनाक्रोश, थाना प्रभारी और पुलिस तंत्र पर गंभीर आरोप

कोतमा । कोतमा के जकीरा चौक स्थित रविवार बाजार में दिनदहाड़े हुई सोने की चेन लूट की घटना के बाद आम जनता का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। भारी भीड़ के बीच बाइक सवार बदमाश महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए, जबकि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। इस घटना ने एक बार फिर कोतमा की बिगड़ती कानून व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि जब तक वर्तमान थाना प्रभारी पद पर बने रहेंगे, तब तक कोतमा की जनता को निष्पक्ष न्याय मिल पाना संभव नहीं दिखाई देता। लोगों का आरोप है कि थाना क्षेत्र में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन पुलिस की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा के बजाय कथित अवैध वसूली, दबाव और मनमानी कार्यप्रणाली तक सीमित होती जा रही है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि यदि कोई व्यक्ति शिकायत लेकर थाने पहुंचता है तो उसकी बात गंभीरता से सुनने के बजाय उसे डराने, दबाव में लेने अथवा उल्टे झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश की जाती है। यही कारण है कि आम नागरिकों का पुलिस व्यवस्था से विश्वास लगातार कमजोर होता जा रहा है।
मामले को लेकर मीडिया जगत में भी भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय पत्रकारों का आरोप है कि समाचारों के माध्यम से लगातार थाना प्रभारी की कथित लापरवाही और कार्यशैली को उजागर किए जाने से व्यथित होकर पत्रकारों एवं उनके परिवारजनों पर झूठे मुकदमे दर्ज कर दबाव बनाने की कोशिश की गई। पत्रकारों का कहना है कि इन मामलों की जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक स्तर तक होने के बावजूद कोई निष्पक्ष हस्तक्षेप नहीं किया गया।
जनता के बीच यह चर्चा भी तेज है कि उच्च स्तर से संरक्षण मिलने के कारण थाना स्तर पर कथित मनमानी और लापरवाही लगातार बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि जिला पुलिस प्रशासन समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई करता तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती। अब आम नागरिक खुलकर यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी है कि लगातार शिकायतों और जनआक्रोश के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही।
रविवार बाजार जैसी संवेदनशील और भीड़भाड़ वाली जगह पर हुई इस घटना के बाद महिलाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए तथा थाना स्तर पर जवाबदेही तय करते हुए पुलिस व्यवस्था में सुधार किया जाए, ताकि जनता का भरोसा कानून व्यवस्था पर पुनः स्थापित हो सके।