ग्राम पपरेड़ी में भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी की सामाजिक बैठक संपन्न

1007116194.jpg
 मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन पर क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने की बनी रणनीति

शहडोल/पपरेड़ी। भीम आर्मी भारत एकता मिशन, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) एवं भीम आर्मी स्टूडेंट फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार, 13 नवंबर को ग्राम पपरेड़ी में एक सामाजिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता राकेश साकेत ने की।

1007116197.jpg

बैठक में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के मूल मंत्र "शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो" को आत्मसात करते हुए सामाजिक जागरूकता, नारी सम्मान, आपसी एकता और संगठन के विस्तार को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। वक्ताओं ने समाज में शिक्षा, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हुए बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

इस दौरान आगामी 16 नवंबर को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित आगमन को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों व ग्रामीणों ने कहा कि स्थानीय स्तर पर एसडीएम और जिला प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद क्षेत्र की बुनियादी जनसमस्याओं पर अपेक्षित सुनवाई नहीं हो पा रही है। ऐसे में अब लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की जनता की आवाज पहुंचाने और समस्याओं के निराकरण की मांग उठाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में मुख्य रूप से आजाद समाज पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र प्रसाद साकेत, भीम आर्मी स्टूडेंट फेडरेशन के जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर साकेत एवं मिशन व्यवस्था परिवर्तन के जिला संयोजक अमित कुमार साकेत उपस्थित रहे। इसके अलावा राम सुशील साकेत, विश्वनाथ साकेत, वीरेंद्र खैरवार, सुग्रीव साकेत, सीताबाई साकेत, चंपा साकेत सहित लगभग दो दर्जन सामाजिक साथी मौजूद रहे।