डायल-112,थाना रामनगर पुलिस एवं डोला के साहसी युवकों की तत्परता से तालाब में गिरे वाहन का सफल रेस्क्यू

थाना रामनगर क्षेत्र अंतर्गत डोला रेलवे क्रॉसिंग के समीप शनिवार देर रात्रि लगभग 11:30 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटित हुई। वाहन क्रमांक CG31C0935 सड़क किनारे रखी बजरी एवं डस्ट से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर समीप स्थित तालाब में जा गिरा।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही डोला के साहसी नागरिक बिट्टू पनिका, रामनरेश गुप्ता एवं दिलीप सिंह ने अदम्य साहस एवं मानवता का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए तालाब में छलांग लगाई और वाहन में फंसे युवकों को बाहर निकालने का प्रयास किया।

सूचना प्राप्त होते ही डायल-112 की टीम एवं थाना रामनगर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। थाना रामनगर में पदस्थ प्रधान आरक्षक (एचसी-89) अमित पटेल ने पुलिस बल के साथ राहत एवं बचाव कार्य को त्वरित गति से संचालित करते हुए घायलों को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया तथा घटनास्थल पर आवश्यक पुलिस कार्रवाई प्रारंभ की।

दुर्घटना में शुभम की घटनास्थल पर ही दुखद मृत्यु हो गई, जबकि राहुल एवं चंदन घायल हुए हैं। दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां घायलों का उपचार जारी है।

थाना रामनगर पुलिस द्वारा दुर्घटना की जांच की जा रही है तथा वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।