बनास नदी किनारे झाड़ियों में फंसा मिला अज्ञात व्यक्ति का शव

 सुनील रैदास  

शहडोल। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार को सीधी थाना क्षेत्र के ग्राम जमुड़ी में बनास नदी के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि तेज बहाव में बहकर आया शव नदी किनारे पेड़ की टहनियों में फंस गया था।

स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सीधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से भी शव की पहचान मिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

सीधी थाना प्रभारी शिवेंद्र भगत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव बरामद किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।