भोपाल में 20 सितंबर को ‘अखलाक’ पुस्तक पर परिचर्चा, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह होंगे मुख्य अतिथि

​भोपाल। राजधानी भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहा स्थित गांधी भवन के मोहनिया सभागार में आगामी 20 सितंबर (रविवार) को ‘बहुजन इंटेलेक्ट’ के तत्वावधान में एक भव्य पुस्तक परिचर्चा एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। शाम 4:30 बजे से आयोजित इस विमर्श में वरिष्ठ पत्रकार व लेखक दयाशंकर मिश्र की चर्चित पुस्तक ‘अखलाक’ पर गहन विचार-मंथन होगा।

​कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता दिग्विजय सिंह शामिल होंगे। वहीं पुस्तक के लेखक व सामाजिक चिंतक दयाशंकर मिश्र विशिष्ट आमंत्रित अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार एवं चिंतक विजय बहादुर सिंह करेंगे, जबकि मंच संचालन का दायित्व ‘बहुजन इंटेलेक्ट’ के समन्वयक सुनील बोरसे संभालेंगे।

​विशिष्ट वक्ताओं की रहेगी मौजूदगी
समारोह में वैचारिक विमर्श को गति देने के लिए साहित्य, प्रशासन और बौद्धिक जगत के कई प्रमुख चेहरे शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथि वक्ताओं में 'लोकजतन' के संपादक बादल सरोज, सामाजिक चिंतक ओमप्रकाश बबेले, पूर्व आईएएस शैलाबाला मार्टिन, लेखक व शायर इनायत अब्बास, शिक्षाविद डॉ. सौरभ वाजपेयी तथा ‘बहुजन इंटेलेक्ट’ के संस्थापक डॉ. (मेजर) मनोज राजे शामिल हैं।

​आयोजन समिति के अनुसार, यह कार्यक्रम केवल एक पुस्तक विमर्श तक सीमित न रहकर समाज में संवाद, संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक चेतना को मजबूती देने की दिशा में एक सार्थक पहल है। इसमें साहित्य, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी तमाम हस्तियां एवं प्रबुद्धजन भाग लेंगे। आयोजकों ने सभी विचारशील नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित रहने की अपील की है।