अवैध अंग्रेजी शराब पैकारी का खेल जारी, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठ रहे सवाल

शराब ठेकेदार के द्वारा ही गांव गांव खोली गई शराब की उपदुकान

 
जयसिंहनगर  -  क्षेत्र में इन दिनों अवैध अंग्रेजी शराब की पैकारी का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। गांवों, कस्बों और मुख्य मार्गों के आसपास खुलेआम अवैध रूप से शराब बेचे जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब माफिया नियमों को ताक पर रखकर बिना किसी भय के अवैध शराब की सप्लाई कर रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा है। 

गांव गांव मे आसानी से पहुंची रही शराब की खेप

ग्रामीण क्षेत्रों में देर शाम से लेकर रात तक अवैध शराब की बिक्री धड़ल्ले से की जा रही है। कई जगहों पर किराना दुकानों, ढाबों और गुप्त ठिकानों से अंग्रेजी शराब बेची जा रही है। बताया जा रहा है कि शराब कारोबारी निर्धारित दुकानों से शराब लाकर गांवों में अधिक कीमत पर बेच रहे हैं, जिससे अवैध कमाई का बड़ा नेटवर्क तैयार हो गया है।

सूत्रों के अनुसार अंग्रेजी शराब की अवैध पैकारी के कारण शासन को राजस्व की भी भारी क्षति हो रही है। वहीं बिना अनुमति के शराब का भंडारण और बिक्री कानून व्यवस्था के लिए भी चुनौती बनती जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा इसमें संलिप्त लोगों पर कठोर कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया जाए।

क्या इस खेल में लगेगा रोक

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस अवैध कारोबार पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले समय में सामाजिक वातावरण और अधिक खराब हो सकता है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन अवैध शराब पैकारी के इस बढ़ते कारोबार पर कब तक प्रभावी अंकुश लगा पाता है।