अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत शहडोल के मांग के बाद अमझोर स्वास्थ्य केंद्र में स्थायी चिकित्सक की नियुक्ति के लिए स्वास्थ्य विभाग ने भेजा प्रस्ताव
शहडोल, - प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमझोर में स्थायी चिकित्सा अधिकारी की नियुक्ति एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किए जाने की मांग को लेकर अब स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता दिखाई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शहडोल द्वारा दिनांक 05 अगस्त 2026 को स्वास्थ्य आयुक्त, संचालनालय लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, भोपाल को इस संबंध में पत्र प्रेषित किया गया है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि जयसिंहनगर विकासखंड अंतर्गत संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमझोर विगत लगभग 03 वर्षों से चिकित्सा अधिकारी के बिना संचालित हो रहा है, जिसके कारण क्षेत्र की आम जनता को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने पत्र में बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमझोर से जनमानस को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। वहीं, अमझोर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहनगर की दूरी लगभग 20 किलोमीटर होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमझोर में चिकित्सा अधिकारी की पदस्थापना किए जाने का अनुरोध स्वास्थ्य आयुक्त से किया गया है। यह पत्र जिला सचिव, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, शहडोल के पत्र दिनांक 21 जुलाई 2026 तथा संभागायुक्त शहडोल संभाग के अग्रेषित पत्र दिनांक 29 जुलाई 2026 के संदर्भ में जारी किया गया है।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा लंबे समय से अमझोर स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की नियुक्ति एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग उठाई जा रही थी। विभागीय स्तर से प्रस्ताव आगे भेजे जाने को क्षेत्र की जनता के लिए सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने मांग की है कि स्वास्थ्य आयुक्त स्तर से शीघ्र निर्णय लेते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमझोर में स्थायी चिकित्सा अधिकारी की पदस्थापना की जाए, ताकि अमझोर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को स्थानीय स्तर पर बेहतर एवं नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
जारीकर्ता - अमन तिवारी
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत
जिला शहडोल, मध्यप्रदेश



