आयुक्त शहडोल संभाग ने एकल नल जल योजना ग्राम पंचायत पठारी को सौंपी

148.80 लाख रुपये की योजना से 463 घरों को मिल रहा है नल से जल

शहडोल - शहडोल संभाग की आयुक्त श्रीमती सुरभी गुप्ता ने शुक्रवार को उमरिया जिले की ग्राम पंचायत पठारी में संचालित एकल नल जल योजना का औपचारिक रूप से ग्राम पंचायत को हस्तांतरण किया। इस अवसर पर उन्होंने योजना के संचालन, रखरखाव एवं जलापूर्ति व्यवस्था की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि योजना का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को निर्बाध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होता रहे।

1006314086.jpg

 कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग ने बताया कि इस एकल नल जल योजना का निर्माण 148.80 लाख रुपये की लागत से किया गया है। योजना के अंतर्गत अब तक 463 घरों में घरेलू नल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं, जिससे ग्रामीणों को घर-घर पेयजल की सुविधा मिल रही है।


उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत 75 किलोलीटर क्षमता की उच्च स्तरीय पानी की टंकी तथा 50 किलोलीटर क्षमता का सम्पवेल निर्मित किया गया है। इसके अतिरिक्त 1,349 मीटर पाइपलाइन बिछाई गई है, जिसके माध्यम से वर्तमान में नियमित रूप से जलापूर्ति की जा रही है।

आयुक्त श्रीमती सुरभी गुप्ता ने ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि योजना का संचालन एवं रखरखाव पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि योजना का लाभ लंबे समय तक ग्रामीणों को मिलता रहे तथा हर घर तक स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभय सिंह, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाली श्रीमती मीनाक्षी इंगले सहित खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।