आजादी के 80 साल बाद भी पक्की सड़क को तरस रहा रूसा का वार्ड 13, ग्राम सभा में सीसी रोड की उठी मांग
डिंडौरी / करंजिया - विकास के तमाम सरकारी दावों के बीच जनपद पंचायत करंजिया अंतर्गत ग्राम पंचायत रूसा के वार्ड क्रमांक 13 (अनुसूचित जाति मोहल्ला) के ग्रामीण आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आजादी के 80 वर्ष बीत जाने के बाद भी इस मोहल्ले में एक अदद पक्की सीसी रोड का निर्माण नहीं हो सका है, जिसके चलते ग्रामीणों को नारकीय जीवन जीने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
कीचड़ में धंसकर चलने को मजबूर बच्चे और बुजुर्ग
बारिश के मौसम में मोहल्ले का रास्ता दलदल में तब्दील हो जाता है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर आधा फीट तक कीचड़ जमा रहता है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। स्थिति इतनी विकट है कि छोटे बच्चों को स्कूल भेजने के लिए परिजनों को उन्हें गोद में उठाकर मुख्य पक्की सड़क तक छोड़ना पड़ता है। बुजुर्गों और मरीजों के लिए इस रास्ते से निकलना किसी खतरे से कम नहीं है।
शासकीय भूमि उपलब्ध, फिर भी निर्माण का इंतजार
ग्रामीणों ने बताया कि भगत सिंह धुर्वे के खेत से लेकर अर्जुन नागवंशी के घर तक शासकीय तालाब की मेड़ मौजूद है। इस मेड़ को चौड़ा कर आसानी से सीसी रोड का निर्माण कराया जा सकता है। इस रास्ते में किसी की निजी भूमि या पट्टे का विवाद भी नहीं है।
ग्राम सभा में सौंपा आवेदन, बारिश बाद निर्माण की मांग
16 अगस्त को आयोजित ग्राम सभा के दौरान मोहल्लेवासियों ने सरपंच एवं पंचायत प्रतिनिधियों को आवेदन सौंपकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। ग्राम सभा में आवेदन का अनुमोदन कर लिया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन व पंचायत से गुहार लगाई है कि बारिश समाप्त होते ही तत्काल सीसी रोड का निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि वर्षों पुरानी इस समस्या से निजात मिल सके।



