आंगनवाड़ी एवं विद्युत समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
पपोंढ़ ब्यौहारी, शहडोल। ग्राम पंचायत पपोढ़ एवं महदेवा के ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 09 अगस्त 2026 को जिला कलेक्टर शहडोल के नाम एसडीएम ब्यौहारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन ब्लॉक संयोजक भीम आर्मी भारत एकता मिशन ब्यौहारी, रामजाने साहू के नेतृत्व में सौंपा गया।
ज्ञापन में ग्राम पंचायत पपोढ़ के वार्ड क्रमांक 2 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को कई दिनों से नियमित भोजन नहीं मिलने का मामला उठाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा राशन उपलब्ध नहीं होने की बात कही जाती है, जिसके कारण बच्चों को भोजन नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने मांग की कि आंगनवाड़ी केंद्र की तत्काल जांच कराई जाए, नियमित रूप से राशन उपलब्ध कराया जाए तथा बच्चों को समय पर भोजन दिया जाए। साथ ही लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की गई।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत महदेवा एवं पपोढ़ की विद्युत समस्याओं को लेकर भी ज्ञापन सौंपा गया। ग्रामीणों ने बताया कि महदेवा हाई स्कूल के पास नया ट्रांसफॉर्मर लगाने का आश्वासन चुनाव के समय दिया गया था, लेकिन लगभग 3-4 वर्ष बीत जाने के बाद भी ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया गया। वहीं पपोढ़ का ट्रांसफॉर्मर खराब होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में महदेवा हाई स्कूल के पास नया ट्रांसफॉर्मर लगाने, पपोढ़ का खराब ट्रांसफॉर्मर बदलने, आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाने, टूटे बिजली के खंभे एवं जर्जर तार बदलने तथा किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त एवं नियमित बिजली उपलब्ध कराने की मांग की गई।
इसके अलावा दोनों ग्राम पंचायतों में नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा विद्युत विभाग द्वारा दोनों ग्रामों का तत्काल निरीक्षण कर समस्याओं का निराकरण कराने की मांग की गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित एवं किसान हित को ध्यान में रखते हुए दोनों मामलों का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि समय पर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन की प्रतिलिपि महिला एवं बाल विकास अधिकारी ब्यौहारी, कार्यपालन यंत्री मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी ब्यौहारी एवं विधायक विधानसभा क्षेत्र ब्यौहारी को भी दी गई।



