7 अगस्त से प्रदेशभर में चलेगा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान

आमजन को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने एवं लंबित प्रकरणों के निराकरण पर रहेगा विशेष फोकस

शहडोल 30 जुलाई 2026_ प्रदेश में 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने तथा उन्हें वांछित सेवाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

मुख्य सचिव श्री अशोक कुमार वर्णवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी संभागायुक्तों, कलेक्टरों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्रत्येक शुक्रवार को संभाग एवं जिला स्तर के अधिकारी क्षेत्रीय भ्रमण कर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करेंगे। साथ ही विकासखंड एवं ग्राम स्तरीय कार्यालयों का निरीक्षण भी किया जाएगा।

अभियान के दौरान आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। स्कूल, अस्पताल, आंगनवाड़ी केंद्र, उचित मूल्य की दुकान, खाद-बीज गोदाम, गैस एजेंसी एवं पेट्रोल पंप सहित विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया जाएगा। अविवादित नामांतरण, बंटवारा, खसरे में सुधार, फार्मर आईडी, आधार तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित लंबित प्रकरणों के निराकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जनसंवाद के साथ उद्योग संवाद का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें उद्यमियों एवं लघु उद्योगों की समस्याओं के समाधान तथा रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। अभियान की सतत मॉनिटरिंग पोर्टल के माध्यम से की जाएगी तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण के आधार पर जिलों के कार्यों का मूल्यांकन किया जाएगा।